हरदोई। प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिले में बनाए गए 9 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल रोकने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी राहुल पांडेय के निर्देश पर सभी 9 केंद्रों पर मजिस्ट्रेटों और नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक केंद्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिये की जाएगी। इसके अलावा, परीक्षार्थियों की गहन चेकिंग के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। बायोमीट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की गई है, ताकि किसी भी फर्जी अभ्यर्थी के प्रवेश को रोका जा सके। परीक्षा केंद्रों पर आवेदकों को कम से कम 45 से 60 मिनट पहले पहुंचना होगा।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होगी। जिसके लिए नौ बजे से प्रवेश शुरू हो जाएगा। द्वितीय पाली की परीक्षा तीन बजे से शुरू होगी। प्रवेश दो बजे से शुरू होगा। आवेदक को प्रवेश पत्र और कोई एक वैध मूल पहचान पत्र साथ रखना होगा। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, स्मार्टवॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या किसी भी प्रकार की पठन सामग्री केंद्र के अंदर नहीं ले जा सकेंगे। प्रत्येक केंद्र पर एक क्लोकरूम भी बनाया गया है। जहां पर विद्यार्थी अपना मोबाइल आदि जमा कर सकेंगे। परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को आने-जाने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस को मुस्तैद रहेंगे।