हरदोई। सैनिक कल्याण पुनर्वास के प्रदेश कार्यालय के अधिकारियों की मंशा पूरी हुई तो जनपद के भूतपूर्व सैनिकों की बेटियों व उनके आश्रितों को जल्द फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कराया जाएगा। जिला स्तर से जल्द ही आवेदन मांगे जाएंगे।
भूतपूर्व सैनिकों के बच्चाें व उनके आश्रितों को समय-समय पर तकनीकी या स्वरोजगार परक प्रशिक्षण दिया जाता रहा है। इस सत्र में भी कंप्यूटर प्रशिक्षण 14 आश्रितों को दिया जा रहा है।
शनिवार को हेडक्वार्टर ने फैशन डिजाइनिंग का प्रशिक्षण कराए जाने के संकेत दे दिए हैं। जिसके तहत अभी प्रथम चरण में 10 भूतपूर्व सैनिकाें की बालिकाओं या उनकी आश्रितों को प्रशिक्षण दिलाए जाने की अनुमति दी जाएगी। इनके प्रशिक्षण होने के बाद दूसरे चरण की शुरूआत की जा सकेगी।
इस संबंध में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी गुरसरन गौर ने बताया कि हेडक्वार्टर ने अभी संकेत दिए हैं। हेडक्वार्टर के निर्देशानुसार ही आवेदन मांगे जाएंगे और उनको चयनित करने के लिए हेडक्वार्टर को भेज दिया जाएगा। वहीं से चयनित संस्था से प्रशिक्षण कराया जाएगा।