फोटो-27-परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को पत्र देते विधायक आशीष सिंह आशू। स्रोत स्वयं
हरदोई। बिलग्राम मल्लावां से विधायक आशीष सिंह आशू ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से लखनऊ में मुलाकात की। बुधवार को हुई मुलाकात के दौरान विधायक ने बिलग्राम से मल्लावां और संडीला होते हुए लखनऊ तक इलेक्ट्रिक बस चलवाए जाने की मांग की। इस पर परिवहन मंत्री ने 100 किलोमीटर की परिधि में ही इलेक्ट्रिक बस का संचालन हो सकने की बात कहते हुए मल्लावां से लखनऊ के बीच बस चलवाए जाने का आश्वासन दिया।
बिलग्र्राम और मल्लावां हर रोज बड़ी संख्या में यात्री लखनऊ आवागमन करते हैं। मौजूदा समय में लखनऊ से बिलग्राम या मल्लावां के लिए कोई ईवी बस संचालित नहीं है। लखनऊ से संडीला के बीच ईवी बसें संचालित होती हैं। विधायक ने बताया कि परिवहन मंत्री ने कहा है कि मल्लावां से संडीला होकर लखनऊ की दूरी लगभग 90 किलोमीटर है। इस पर ईवी बस चलाई जा सकती है।
बिलग्राम तक की दूरी लखनऊ से 110 किलोमीटर से ज्यादा है। इसलिए फिलहाल बिलग्राम तक बस चलाने की बात नहीं कही जा सकती। विधायक ने दावा किया कि परिवहन मंत्री ने जिलाधिकारी से मल्लावां में ही चार्जिंग स्टेशन बनवाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने के लिए भी कहा है। हालांकि फिलहाल मल्लावां में एक प्राइवेट पंप पर ईवी चार्जिंग की व्यवस्था है।