हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी विजय गुप्ता ने समग्र ग्रामों के प्रधानों सहित सहायक विकास अधिकारी पंचायत व ग्राम सचिवों के साथ बैठक में शौचालय का निर्माण 15 जनवरी तक करने को कहा। उन्होंने गांवों में प्रधानों के साथ मिलकर विकास कार्य कराने पर जोर दिया।
जिले के वित्तीय वर्ष 2015-16 में चयनित 40 समग्र ग्रामों के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की बैठक विकास भवन सभागार में हुई। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार गुप्ता ने नवनिर्वाचित प्रधानों को बधाई देतेे हुए कहा कि समग्र ग्रामों में शौचालय का निर्माण जल्द ही पूरा कराया जाना है, ज्यादा संख्या में मजदूर व मिस्त्री को काम पर लगाया जाए और जिन गांवों में 100 शौचालय तक का लक्ष्य है वहां सात जनवरी तक काम पूरा कराया जाए।
जहां लक्ष्य सौ से अधिक है वहां 15 जनवरी तक शत प्रतिशत निर्माण करा लिया जाए। उन्होंने गंगा किनारे बसे गांवों में बेस लाइन सर्वे को पूरा कराने और उसी के आधार पर काम कराने के निर्देश दिए। सहायक विकास अधिकारी पंचायत और ग्राम सचिवों को भी प्रिया साफ्टवेयर पर फीडिंग पूरी कराने और काम को रुचि लेकर करने की नसीहत दी।
खंड प्रेरकों को काम को पूरा कराने और गांवों का भ्रमण कर रिपोर्ट देकर अवगत कराने के लिए कहा। जिला पंचायत राज अधिकारी भास्कर दत्त पांडेय ने कहा कि जिन गांवों में काम हो रहा है वहां के सचिव दैनिक रिपोर्ट डिस्ट्रिक प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर को दें। बैठक में समग्र ग्रामों के प्रधान, सभी एडीओ पंचायत व सचिव मौजूद रहे।