जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती रोगी।
- फोटो : amarujala
हरदोई। मौसमी बीमारियां लोगों को चपेट में ले रही हैं। जिला अस्पताल व बच्चा वार्ड के बेड फुल हैं। शनिवार को बुखार के 12 नए रोगी भर्ती कराए गए। जबकि ओपीडी में भी नए रोगियों की संख्या करीब 12 सौ रही। पिछले तीन महीना में ओपीडी में कई गुना अधिक नए रोगी बढ़े हैं।
पारा चढते ही मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ा है। पिछले तीन महीना में ओपीडी में मौसमी बीमारियों के रोगियों की संख्या में लगातार बढोत्तरी हो रही है। ओपीडी के दौरान मार्च में 28031, अप्रैल में 29511 और मई में 36907 नए रोगियों की संख्या रही है।
इसी तरह 9 जून तक रोगियों की संख्या करीब 15 हजार पहुंच गई है। ओपीडी के दौरान वायरल फीवर, खासी, जुखाम के रोगियों की संख्या में बढ़ी है। पिछले महीना जिला अस्पताल में करीब 8000 नए रोगी जांच कराने आए थे। इमरजेंसी वार्ड में भी रोगियों की संख्या में लगातार बढोत्तरी हो रही है।
शनिवार को जिला अस्पताल में बुखार के 12 नए रोगी भर्ती हुए। इसके चलते इमरजेंसी वार्ड के सभी 24 बेड फुल हो गए। पोषण पुनर्वास केंद्र में बाल रोग विभाग के वार्ड के सभी 12 बेड फुल हैं। यहां पर वायरल फीवर की चपेट में आए सैताली (12) पुत्र रमेश, प्रदीप (10) पुत्र नरेश, माही दस माह पुत्री रनवीर , सुमित (11) पुत्र सुनील, अनुपम (12) पुत्री गजराज, नीशू (10) पुत्री आशू, प्रज्ञा (7) पुत्री आशू को भर्ती कराया गया।
प्रभारी सीएमएस डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि पिछले तीन महीना से मौसमी बीमारियां फैली हैं। जिससे रोगियोें की संख्या बढ़ी है।