आठ हजार उपभोक्ता परेशान, बंद रहा मोहताज खाना फीडर
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदाेई। बिजली का केबिल डालने के लिए कराए गए कार्य के चलते शुक्रवार को सांडी रोड उपकेंद्र का मोहताज खाना फीडर करीब साढ़े पांच घंटे तक बंद रहा। केबिल डालने के लिए शटडाउन को लेकर पूर्व में कोई सूचना भी नहीं दी गई। इससे फीडर से जुड़े हजारों उपभोक्ताओं को सुबह से लेकर शाम तक परेशान होना पड़ा।
शहर में इन दिनों बिजली विभाग की ओर से उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाने और नई बिजली लाइनों को डालने का काम कराया जा रहा है। किसी भी काम को कराने से पहले विभाग की ओर से शटडाउन की सूचना दे दी जाती है। सूचना मिलने से उपभोक्ता भी सजग रहते हैं और अपने कार्य बिजली जाने से पहले निपटा लेते हैं।
शुक्रवार को भी बिजली विभाग की ओर से सांडी रोड उपकेंद्र के मोहताज खाना फीडर पर काम कराने के लिए शटडाउन लिया गया। इसको लेकर विभाग की ओर से कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई। एक गली में बिजली की केबिल डालने को लेकर सुबह करीब 11 बजे से शाम के साढ़े 4 बजे तक बिजली बंद रही।
जानकारी न होने की वजह से करीब 8 हजार उपभोक्ताओं के घरों के काम से लेकर व्यवसायिक कार्य प्रभावित हुए। अवर अभियंता विजय कुमार ने बताया कि केबिल डालने का कार्य सुबह ही प्रस्तावित हुआ, इस वजह से पूर्व में सूचना नहीं दी जा सकी।