हरदोई। शहर में विभागीय लापरवाही का दंश बिजली उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। विभाग की ओर से बिना किसी सूचना के पूरे-पूरे दिन के लिए मरम्मत कार्य के नाम पर बिजली काटी जा रही है। इससे उपभोक्ता परेशान हैं। वह गर्मी में पानी को भी तरस रहे हैं।
शहर में बिजली व्यवस्था को सही करने के लिए विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं की ओर से बिजली लाइन व विद्युत उपकेंद्र के उपकरणों को बदलने का कार्य किया जा रहा है। बिजली लाइन व उपकेंद्र पर कार्य होने के कारण बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है।
विभाग के निर्देशानुसार बिजली बंद होने की सूचना एक दिन पूर्व दी जानी चाहिए और उपभोक्ताओं के मोबाइल पर भी एसएमएस के माध्यम से अवगत कराया जाना चाहिए मगर शहर में विभागीय कर्मचारियों व कार्यदायी संस्थाओं की मनमानी चल रही है। रविवार को शहर के सिनेमा रोड फीडर से जुड़े अशराफ टोला में सुबह 10 से छह बजे तक बिजली लाइन पर काम होने के कारण बिजली बंद कर दी गई।
इससे क्षेत्र के 500 उपभोक्ता पूरे दिन बिजली न आने से पानी के लिए तरस गए। वहीं शहर के बेलाताली उपकेंद्र से जुड़े पितंबरगंज में भी बिजली लाइन पर काम होने के कारण सुबह पांच से 10 बजे तक बिजली बंद कर दी गई। इससे उससे जुड़े डेढ़ हजार उपभोक्ता बिजली न मिलने से परेशान रहे।
शहर के सांडी रोड विद्युत उपकेंद्र पर बिजली उपकरणों का कार्य किया जा रहा था। इससे पूरा उपकेंद्र सुबह नौ बजे बंद हो गया था, जो दोपहर दो बजे शुरू हो सका।
इससे उपकेंद्र से जुड़े 15 हजार उपभोक्ता बिजली-पानी न मिलने से परेशान रहे। उपखंड अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि सभी कार्यदायी संस्था को कार्य शुरू करने के पूर्व सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।