हरदोई। मेडिकल कॉलेज की बिजली व्यवस्था स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार झटका दे रही है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण शुक्रवार आधीरात के बाद और शनिवार सुबह लगभग तीन घंटे तक पैथाेलॉजी की सेवाएं ठप रहीं। इस दौरान यहां न तो किसी को रिपोर्ट दी जा सकी और न ही सैंपल लिए जा सके। दिन में 11 बजे बिजली बहाल होने पर व्यवस्था किसी तरह चलाई गई। खास बात यह है कि परिसर में जनरेटर लगा है, लेकिन इसका कनेक्शन पैथाेलॉजी में नहीं है।
मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल पैथाेलॉजी में अत्याधुनिक मशीनें लगी हैं। ओपीडी में आने वाले मरीजों काे चिकित्सक जांच लिखते हैं। ज्यादातर मरीज मेडिकल कॉलेज की पैथाेलॉजी में ही जांच कराते हैं। यहां निशुल्क जांच होती हैं। शुक्रवार रात 12 बजे एक फेस चले जाने के कारण पैथाेलॉजी की आपूर्ति बाधित हो गई। इस कारण न तो नमूनों की जांच हो पाई और न ही रिपोर्ट आई। काफी जद्दोजहद के बाद 10 मिनट के लिए आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन फिर दोबारा ठप हो गई।
इसके बाद शनिवार सुबह 11 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान रिपोर्ट लेने आए मरीजों को वापस जाना पड़ा। बड़ी संख्या में जांच के लिए नमूने देने आए मरीजों को भी घंटों इंतजार करना पड़ा। इस बीच कई मरीज बिना जांच कराए ही वापस चले गए। यह हाल तब है जब जनरेटर भी परिसर में है। पैथाेलॉजी का लोड अधिक होने के कारण जनरेटर को यहां से जोड़ा ही नहीं गया।
एक फेस न आने के कारण पैथाेलॉजी की बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। सुबह 11 बजे से आपूर्ति बहाल हो गई थी। पैथाेलॉजी के ऊपर सर्जिकल और मेडिसिन वार्ड भी है। लोड ज्यादा होने के कारण पैथाेलॉजी की आपूर्ति बाधित हो रही थी। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है।
फोटो-12- राजा सिंह। संवाद
मदरावां निवासी राजा सिंह (65) ने बताया कि शुक्रवार को शुगर की जांच कराई थी। शनिवार को रिपोर्ट के साथ डॉक्टर से मिलना था। सुबह आठ बजे ही लाइन में लग गए थे। पता चला कि बिजली नहीं आ रही है। इसलिए रिपोर्ट नहीं मिल पाई।
फोटो-13- अजय कुमार। संवाद
हसनापुर निवासी अजय ने बताया कि उनकी पत्नी शशि (25) मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। पत्नी की बुखार की जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट लेने के लिए तीन घंटे लाइन में लगे रहे। बिजली न होने के कारण समस्या हुई।
फोटो-14- जमुना देवी। संवाद
रफैयतगंज निवासी जमुना देवी (65) ने बताया कि खून की जांच कराई थी। शनिवार सुबह नौ बजे रिपोर्ट लेने आ गए थे। यहां मालूम चला बिजली नहीं है। इस उम्र में एक घंटा लाइन में लगे। फिर पैर दर्द करने लगे तो साइड में कुर्सी पर बैठ गए।
फोटो-15- किस्मतुन। संवाद
शहर के टिलिया मोहल्ले से आईं किस्मतुन (24) ने बताया कि बुखार की जांच कराई थी। शनिवार को साढ़े नौ बजे आए थे। मालूम चला बिजली नहीं है। लाइन में लगकर वहीं बैठ गए। 11:30 बजे के बाद रिपोर्ट मिल पाई है। टिन के नीचे लाइन में दो घंटे काटना मुश्किल हो गया।