फोटो-18- झूलते हुए तार। संवाद
फोटो -19- विद्युत उपकेंद्र। संवाद
- शहर से लेकर गांव तक बिजली कटौती से लोग परेशान
- लोकल फाल्ट व गर्मी के कारण सो नहीं पा रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। कछौना उपकेंद्र में तकनीकी गड़बड़ी आने के कारण पिछले 24 घंटों से 800 गांवों के बाशिंदों को बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। अधिकारियों की मानें तो मरम्मत का काम जारी है, शुक्रवार देर रात या शनिवार सुबह तक व्यवस्था बहाल हो पाएगी।
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली समस्या बढ़ती जा रही है। शहर से लेकर गांव तक लोग लोकल फाल्ट के कारण हो रही बिजली कटौती से परेशान हैं। लोगों की रात की नींद उड़ी हुई है और दिन में भी बिजली न आने से लोग परेशान हैं। शहर में गुरुवार की रात से बिजली कटौती की आवाजाही शुरू हुई, जो शुक्रवार को भी जारी रही।
शहर के सिटी पावर हाउस और कोयल बाग कालोनी उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र में रात में चार से पांच बार बिजली कटौती की गई, कभी आधा घंटा तो कभी एक घंटा के लिए बिजली गुल रही। यहीं हाल सांडी रोड उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों का रहा। वहां पर भी कई घंटे तक बिजली गुल रही।
बेनीगंज उप विद्युत केंद्र में चार फीडर हैं। इसके दायरे में 300 किलोमीटर का क्षेत्र आता है। प्रतापनगर फीडर करीब 90 किमी की एरिया के गांवों को विद्युत आपूर्ति कर रहा है। क्षेत्र में कभी आठ घंटे भी बिजली ठीक प्रकार से नहीं मिल पाती है। सरदापुर निवासी श्यामा कांत मिश्रा ने बताया बिजली की व्यवस्था उनके क्षेत्र बदहाल रहती है। पिछले 24 घंटे से तो बिजली नहीं आई है।
प्रताप नगर फीडर क्षेत्र में एरिया लंबी होने के कारण कभी भी नियमित बिजली नहीं आती है। जर्जर तारों के कारण आए दिन फाल्ट रहती है। वहीं, भरावन के अतरौली क्षेत्र में 20 हजार उपभोक्ताओं को पांच घंटा बिजली मिल पा रही है।
इलेक्ट्रॉनिक मशीने शो पीस बनकर रह गई है और मोबाइल फोन भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। गांव के देवीप्रसाद तिवारी, संतोष, अभिषेक, नीतिश अग्निहोत्री, शिवप्रसाद, सद्दीक, रामदुलारे, अंकित, अनिल,राजेश अवस्थी ने बताया कि तीन दिनों से अतरौली क्षेत्र में 24 घंटे में मात्र पांच घंटा बिजली मिल रही है। इसमें भी दो-दो मिनट पर कटौती हो रही है।
इनसेट
500 रुपये में बढ़ रहा वोल्टेज
शहर में वर्तमान में बिजली उपभोक्ता लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। शहर के आलू थोक में मुख्य लाइन के अलावा अंदर की गलियों में वोल्टेज कम आ रहा है। उपभोक्ता केबल से मुख्य लाइन से कनेक्शन करा रहे हैं। इसके लिए विभागीय कर्मी 500 रुपये ले रहे हैं और कई मीटर दूरी मुख्य लाइन से केबल बांध रहे हैं। लोग मजबूरी में उनकी बात को पूरा कर रहे हैं।
गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने से उपकरण ओवरलोड हो रहे हैं। इससे लोकल फाल्ट की समस्या आ रही है। कछौना उपकेंद्र में आई गड़बड़ी को दूर किया जा रहा है। शुक्रवार देर रात या फिर शनिवार सुबह तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। वहीं, बिजली आपूर्ति की नियमित निगरानी की जा रही है।
रविंद कुमार डोलका, नोडल अधिकारी