हरदोई। पंचायत के रिक्त पदों पर उपचुनाव की प्रक्रिया में सोमवार को नामांकन पत्र प्राप्त किए गए। सदस्य क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) के रिक्त आठ पदों में से सात पदों पर एकल नामांकन से निर्विरोध चुनाव तय है। प्रधान के आठ पदों के लिए 37 लोगों ने दावेदारी की है। विकास खंड बेहंदर के बीडीसी क्षेत्र बड़ागांव द्वितीय पर सात लोगों ने नामांकन कराया है। नामांकन पत्रों की आज मंगलवार को जांच की जाएगी।
पंचायत के रिक्त पदों में प्रधान के आठ, बीडीसी के आठ पदों के साथ ही सदस्य ग्राम पंचायत के 110 पदों के लिए संबंधित विकास खंड में नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि एकल नामांकन वाले क्षेत्रों में जांच में नामांकन पत्र सही पाए जाने पर निर्विरोध चुनाव हो जाएंगे। नामवापसी के बाद एक से अधिक प्रत्याशी वाले क्षेत्रों में मतदान कराया जाएगा। बताया कि बीडीसी के रिक्त पदों में पिहानी में करीमनगर तृतीय, कछौना में कामीपुर प्रथम, बरवा सरसंड द्वितीय, शाहाबाद के अतरजी प्रथम, अहिरोरी के बघौली चतुर्थ, सांडी के कुचिला बिजना व घटकना में एकल नामांकन हुए हैं।
शाहाबाद प्रतिनिधि के अनुसार कालागाड़ा में मृतक प्रधान की मां नन्ही देवरी व भाई विकास के साथ ही नत्थूलाल, अवनीश कुमार ने नामांकन किए हैं। अतरजी के बीडीसी पद पर मायादेवी पत्नी रामसागर ने ही एकल नामांकन किया है। आरओ धर्मराज चौहान ने बताया है कि सदस्य ग्राम पंचायत के आठ रिक्त पद गढ़ेपुर, गहोरा, तड़ेर, मगियांवा, चंदुपुर खैरई, असलापुर, रायपुर गुलरिया व ठेहापुर में एकल नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।
सांडी प्रतिनिधि के अनुसार एआरओ आरडी भास्कर ने बताया कि भानापुर में प्रधान पद के लिए रिहानाबानो, रोशनजहां, अनीता देवी व आरती देवी ने नामांकन कराया है। बीडीसी घटकना पर पूर्व ब्लाक प्रमुख महेंद्र प्रताप सिंह यादव के निधन से रिक्त हुए पद पर इनके पिता गयाप्रसाद यादव और कुचिला बिजना द्वितीय महेंद्र सिंह राजपूत के निधन से रिक्त हुए पद पुत्र जितेंद्र सिंह राजपूत ने नामांकन कराया है। एकल नामांकन से निर्विरोध चुना जाना तय है। श्रीमऊ सदस्य ग्राम पंचायत के पद पर शिवकुमार व बखरिया में विनोद ने एकल नामांकन कराया। भरावन प्रतिनिधि के अनुसार एडीओ पंचायत प्रमोद कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत ढिकुन्नी में प्रधान पद प्रेमा पांडेय के निधन से रिक्त हुआ है। इस पद पर कीर्ति पांडेय, किरन, रमणा देवी, रेखा सिंह ने पर्चा दाखिल किया है।