पिहानी। बीते आठ जुलाई को टड़ियावां थाना क्षेत्र के थमरवा स्थित बेटी की ससुराल में समधी और दामाद की पिटाई से घायल बुजुर्ग की बृहस्पतिवार सुबह घर पर ही मौत हो गई। आक्रोशित परिजन ने शव पिहानी जहानीखेड़ा मार्ग पर ले जाकर रख दिया। कार्रवाई की मांग करने लगे। इस बीच पहुंचे सीओ हरियावां से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद 15 मिनट में ही परिजन मान गए।
नगर के मोहल्ला मिश्राना निवासी शिफायतुल्ला (60) गोपामऊ चुंगी पर सैलून चलाते थे। पुत्र रिजवान ने बताया कि बहन शबाना का घर टड़ियावां थाना क्षेत्र के थमरवा में है। बहन का निकाह 25 साल पहले आकिल से हुआ था। आरोप है कि आकिल शराब पीकर आए दिन शबाना को पीटता है। इसकी जानकारी पर आठ जुलाई को पिता शिफातुल्ला थमरवा समझाने गए थे। आरोप है कि इस दौरान आकिल ने अपने पिता के साथ मिलकर शिफायतुल्ला की पिटाई कर दी थी।
आरोप है कि उन्होंने पुलिस में शिकायत की थी लेकिन टड़ियावां थाने में बहन के ससुरालीजनों की शिकायत पर शिफायतुल्ला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद में 14 जुलाई को शिफायतुल्ला की शिकायत पर आकिल, उसके भाई शकील, पिता शाकिर और बहन छोटक्की के खिलाफ प्राथमिकी पिहानी कोतवाली में दर्ज की गई थी।
घटना में घायल शिफायतुल्ला की बृहस्पतिवार सुबह घर में ही मौत हो गई। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन ने शव पिहानी जहानीखेड़ा मार्ग पर रख दिया। हालांकि 15 मिनट में ही सीओ हरियावां लक्ष्मीकांत गौतम, कोतवाल पिहानी एसएन सिंह और प्रभारी निरीक्षक टड़ियावां इख्तियार हुसैन मौके पर पहुंच गए। कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजन को शांत किया। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-13- शिफायतुल्ला। फाइल फोटो