भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के भमरौली में भागवत सुनने जा रहे बुजुर्ग की शनिवार रात कुएं में गिरकर मौत हो गई। घटना से परिजन में कोहराम मच गया। पानी बाहर निकलवाकर शव कुएं से निकाला गया।
भमरौली निवासी भीखम (65) खेती करते थे। गांव में इन दिनों श्रीमद्भागवत कथा चल रही है। शनिवार रात 10 बजे वह कथा सुनने जा रहे थे। गांव में केशन के मकान के सामने खड़ंजे से तीन मीटर दूर कुआं है। अंधेरा होने के कारण भीखम मुंडेर से टकराकर कुएं में गिर गए। उनके पीछे छोटे भाई महेश की पत्नी गीता आ रही थीं।
उन्होंने कुएं में किसी के गिरने की आवाज सुनी तो शोर मचाया। कुछ ही देर में ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने मशक्कत कर भीखम को कुएं से बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि बेटे पवन की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
फोटो-19-भीखम। फाइल फोटो