जिला अस्पताल में भर्ती दयाशंकर से जानकारी लेते एसओ विनोद गोस्वामी। संवाद
- फोटो : HARDOI
पाली। थाना क्षेत्र अंतर्गत नकटौरा-पाली मार्ग पर बाइक से चचेरी बहन के घर जा रहे युवक को उसके बड़े भाई ने तमंचे से गोली मार दी। कमर के नीचे गोली लगने से युवक घायल हो गया। पुलिस ने घटना के पीछे पैतृक संपत्ति के विवाद को वजह बताया है।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखपुर नगरिया निवासी दयाशंकर (40) पुत्र रोहन सोमवार दोपहर बाइक से चचेरी बहन छुटकुन्ना के घर पाली थाना क्षेत्र के नांदखेड़ा जा रहा था। पाली थाना क्षेत्र में नकटौरा-पाली मार्ग पर ग्राम सेमरिया के निकट पीछे से दूसरी बाइक से आए दयाशंकर के बड़े भाई रामकरन ने तमंचे से उसे गोली मार दी।
गोली कमर के नीचे लगने से दयाशंकर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी। पाली थानाध्यक्ष विनोद गोस्वामी मौके पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद रामकरन अपने साथी के साथ बाइक से भाग निकला। पाली थानाध्यक्ष विनोद गोस्वामी ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच लगभग डेढ़ वर्ष से पैतृक संपत्ति का विवाद चल रहा है। घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई है।