हरदोई। ईद के त्योहार को लेकर मंगलवार को बाजार में कपड़ों के साथ ही अन्य सामग्री की खरीदारी जोरों पर दिखी। महिला परिधानों से लेकर सौंदर्य प्रसाधन की दुकानें पर्दानशीनों से पटी रहीं। ब्यूृटी पार्लरों में भी मेंहदी लगाए जाने को लेकर महिलाओं को समय लेना पड़ा। चांद के दीदार को लेकर बाजारों में रौनक शबाब पर दिखी। ईद पर नए कपड़ों के प्रति ललक बाजारों में रोजेदारों की भीड़ देखकर आसानी से लगाई जा सकती है। ईद के मौके पर सेंवई की खूब बिक्री हो रही है। लच्छेदार सेंवई की मांग ज्यादा है। घरों में भी साफ-सफाई का दौर जारी है।
युवतियों को लुभा रहे अनारकली और कढ़े सूट
कढ़े और अनारकली सूट युवतियों को लुभा रहे हैं। जींस व टी शर्ट लड़के पसंद कर रहे हैं। लड़कि यों को लांचा व लहंगा, अफगानी सलवार और टाप वाले शोरूम अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। विक्रेताओं की मानें तो लेडीज सूटों की रेंज शहर की दुकानों पर एक हजार रुपये से लेकर तीन हजार तक हैं तो जींस व टी शर्ट तीन सौ रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक में मिल रहे हैं।
बच्चों की पसंद कोटी वाले कुर्ते
बच्चों को कोटी वाले कुर्ते ज्यादा पसंद आ रहे हैं। इसके अलावा बच्चों की टोपी व फ्राक आदि परिधानों की शहर में धूम है। इसके अलावा दर्जियों के यहां कुर्ता पायजामा सिलवाए जा रहे हैं।
विदेशी इत्र की भी मांग
इत्र की बिक्री भी खूब हो रही है। इत्र की खुशबू बाजार में महक रही है। बाजार में पांच से लेकर तीन सौ रुपये तक में इत्र की खरीद की जा रही है। विदेशी इत्रों का मूल्य कहीं ऊपर बताया जाता है। इन इत्रों को बाजारों की खास दुकानों पर ही बेचा जा रहा है।