हरदोई। भरखनी ब्लॉक के स्कूलों में तैनात तीन शिक्षकों के दस्तावेज फर्जी होने का अंदेशा जताया जा रहा है। बुधवार को पूरे दिन इन तीनों के दस्तावेजों की अधिकारी पड़ताल करते रहे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पुष्टि हुई तो बर्खास्तगी के साथ एफआईआर की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शासन की ओर से कुछ दिन पूर्व ही जिले के शिक्षा विभाग को पत्र भेजा गया था। इसके बाद पड़ताल शुरू हुई, जिसमें क्षेत्र के तीन शिक्षकों के दस्तावेज फर्जी होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि ये शिक्षक पिछले कई सालों से विभाग की आंखों में धूल झोंक कर काम कर रहे हैं। बुधवार को बड़ी ही बारीकी से इनके अभिलेखों की जांच पूरे दिन शिक्षा विभाग में जारी रही। यह प्रकरण शिक्षा विभाग में ही नहीं बल्कि जिले के आला अधिकारियों की टेबल पर भी पहुंचा और चर्चा का विषय बना रहा।
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि तीन शिक्षक विभाग की नजर में हैं। उनके फर्जी होने का शक है। इन्होंने शायद कुछ अभिलेख फर्जी या कूटरचित लगाए हैं। उनकी जांच की जा रही है। पुष्टि होते ही बर्खास्तगी के साथ उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। तीनों अभी भरखनी ब्लॉक में तैनात हैं।