हरदोई। लॉकडाउन के कारण मूल्यांकन न होने के चलते जिले के एक लाख 36 हजार 965 माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रोन्नत कर दिया जाएगा। शासन ने इस ओर डीआईओएस को निर्देशित कर दिया है।
जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित 54 राजकीय विद्यालय, 72 सहायता प्राप्त विद्यालय तथा 498 वित्तविहीन विद्यालय हैं। जिसमें कक्षा 6 के 13471, कक्षा 7 के 13798, कक्षा 8 के 14807, कक्षा 9 के 54946, कक्षा 11 के 39943 छात्र छात्राएं हैं। कुल एक लाख छत्तीस हजार नौ सौ पैसठ छात्र- छात्राओं को बिना परीक्षा परिणाम के अगली कक्षा में प्रोन्नत किया जाएगा।
डीआईओएस वीके दुबे ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं। जनपद के 80 फीसदी विद्यालयों में गृह परीक्षा बोर्ड परीक्षा के पूर्व ही परीक्षा कराई जा चुकी थी लेकिन मूल्यांकन कार्य बोर्ड परीक्षा और उसके बाद लॉकडाउन के कारण पूर्ण नहीं हो पाया है।
यह स्थिति पूरे प्रदेश की है। जिसके कारण एक अप्रैल से प्रारंभ होने वाला शैक्षिक सत्र प्रारंभ नहीं हो सका। शैक्षिक सत्र और अधिक विलंब से प्रारंभ न हो जिसके लिए 6, 7, 8, 9 और 11 में पढने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोन्नत करने के निर्देश सभी 624 विद्यालयों को दिए गए हैं।