हरदोई। नियमों को ताक में रखकर बिना रजिस्ट्रेशन ई- रिक्शा सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इन रिक्शों पर ओवरलोडिंग भी हो रही है मगर जिम्मेदार बेखबर बने हुए हैं। शहर में बड़ी संख्या में आटो रिक्शा भी दौड़ रहे हैं। हालांकि आटो रिक्शा का परिवहन विभाग में रजिस्ट्रेशन है मगर ओवरलोड वाहन दौड़ रहे हैं। अभी कुछ माह पहले शहर में दौड़ने शुरू हुए ई- रिक्शा वाले भी आटो वालों की तरह ओवरलोडिंग कर रहे हैं।
बड़ी संख्या में ई-रिक्शा और ई-कार्ट आदि बिना रजिस्ट्रेशन एवं चालक बिना लाइसेंस के शहर की सड़कों पर दौड़ रहे हैं। उधर, परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश ने नौ जुलाई 2015 को पत्र जारी कर सभी अधिकारियों से ई- रिक्शा एवं ई-कार्ट के पंजीकरण कराने और वाहन चालक का लाइसेंस बनाने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा इनके पंजीकरण का शुल्क निर्धारित सवारी क्षमता के अनुसार लगाने को कहा है।
जुर्माना से लेकर सीज करने तक की कार्रवाई होगी
एआरटीओ प्रवर्तन आरके मिश्रा ने कहा कि सभी ई-रिक्शा- ई- कार्ट के मालिकों को 31 मार्च तक रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे कुछ लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं। 30 अप्रैल के बाद इस ओर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी जिसमें जुर्माने से लेकर वाहन सीज किए जाएंगे।