हरदोई/हरपालपुर। बैराजों से छोड़े जाने वाले पानी और पहाड़ों पर होने वाली बारिश ने कटियारी क्षेत्र में नदियों का पानी बढ़ा दिया है। कटियारी क्षेत्र की नदियों का पानी अब किनारों को छूने लगा है। इससे रामगंगा नदी के सहायक नालों और नदी में भी पानी बढ़ने लगा है। इससे किसानों की चिंता भी बढ़ती जा रही है। वहीं रामगंगा नदी में पानी बढ़ने से गंभीरी नदी पर बानामऊ और नंदना के बीच निर्माणाधीन पुल का काम भी ठप हो गया है।
पहाड़ों पर होने वाली बारिश के साथ ही बैराजों से छोड़े जाने वाले गंगा नदी में पानी का असर कटियारी क्षेत्र में गंगा, रामगंगा, गर्रा और गंभीरी और नीलम नदियों के साथ ही बरसाती नालों और नदियों में भी दिखाई देने लगा है। हालांकि शुक्रवार को गंगा नदी और गर्रा नदी में पानी घटा है, लेकिन रामगंगा नदी में करीब 13 सेंटीमीटर पानी बढ़ने से इसके सहायक नालों और नदी में भी पानी तेजी से बढ़ा है और पानी किनारों को छूने लगा है। रामगंगा नदी में पानी बढ़ने से बानामऊ और नंदना के बीच गंभीरी नदी पर करीब 13 करोड़ रुपये की लागत के निर्माणाधीन पुल का काम ठप हो गया है। जबकि काम में जुटी मशीन को भी पानी ने चारों तरफ से घेर लिया है। इससे मशीन का संचालन भी नहीं हो पा रहा है।
रामगंगा नदी में पानी बढ़ने से नंदना और चंद्रमपुर बीच कुंडा नदी पर बने पैंटून पुल के पीपे पानी पर उतराने लगे। सेतु निगम और पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं ने पोकलैंड मशीनों के माध्यम से पीपा बाहर निकलने में जुट गए हैं। पीपों को बाहर निकलवा कर सुरक्षित किया जा रहा है।
-
गंगा, रामगंगा और गर्रा नदियों का जलस्तर
बैराजों से छोड़े जाने वाले पानी और नदियों के जलस्तर की निगरानी कराई जा रही है। बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम भी संचालित कराया गया है। शुक्रवार को गंगा नदी में हरिद्वार बैराज से 22,339 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 21,861 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बैराजों से पानी छोड़े जाने के बाद भी गंगा नदी के पानी में बृहस्पतिवार की अपेक्षा 25 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई। गंगा का पानी फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर 135.80 मीटर गेज पर आ गया है, जबकि राजघाट पर 124.17 मीटर गेज पर बह रहा है। वहीं रामगंगा नदी का पानी शाहजहांपुर के डबरी घाट पर पानी में 13 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पानी 135.18 मीटर पर आ गया है। गर्रा नदी के पानी शाहजहांपुर के मुमोक्ष आश्रम घाट पर 15 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई और पानी 143.95 मीटर गेज पर आ गया है।
-
रामगंगा नदी में पानी बढ़ने से इसकी सहायक नदी गंभीरी में भी पानी तेजी से बढ़ना शुरू हुआ है। इससे करीब 13 करोड़ रुपये से बनवाए जा रहे पक्के पुल का काम प्रभावित हुआ है। बाढ़ के पानी में कई मशीनें भी पानी से घिर गई हैं। मशीनों को पानी से निकलवाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पैंटून पुल के पीपों को निकलाया जाने लगा है। -धीरेश गौतम, अवर अभियंता, सेतु निगम
फोटो 23: नंदना गांव के पास जेसीबी से हटाए जा रहे पैंटून पुल के पीपे। संवाद