संवाद न्यूज एजेंसी
पाली। पाली कस्बे में गर्रा नदी के पुल की रेलिंग लटककर नदी में कूदने की धमकी देकर एक युवक ने हंगामा खड़ा कर दिया। युवक की धमकी सुनकर मौके पर भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक से ऊपर आने को कहा, तो वह पांच हजार रुपये मांगने लगा। लगभग एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस कर्मी ने उसे समझा-बुझाकर ऊपर खींच लिया। पुलिस का दावा है कि युवक नशे में था और आए दिन इस तरह की हरकतें करता रहता है।
पाली कस्बे के मोहल्ला सराय सैफ निवासी अरुण गुरुवार की शाम गर्रा पुल पर पहुंच गया। कपड़े उतारने के बाद पुल की रेलिंग से लटककर नदी में कूदने की धमकी देने लगा। जानकारी पर पुलिस उपनिरीक्षक राम कुमार शुक्ला, सिपाही गुंजन गिल और विजयेंद्र मौके पर पहुंचे। समझा-बुझाकर उसे ऊपर लाया गया। प्रभारी निरीक्षक धीरज शुक्ला ने बताया कि युवक शराब पीने का आदी है। समझा बुझाकर घर भेज दिया गया है।