शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के बरौनिया गांव में शनिवार देर शाम पिता से कहासुनी के बाद युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पिता के मुताबिक, युवक शराब का आदी था। वह उनसे अक्सर गाली-गलौज करता था।
कोतवाली क्षेत्र के कपूरपुर बहोरन के मजरा बरौनिया निवासी अमित (30) खेती करते थे। अमित की ससुराल लखीमपुर जनपद के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के भीखमपुर में है। पिता लालाराम ने बताया कि अमित की पत्नी रेनू के पिता राधेश्याम की तबीयत खराब चल रही है। बीती एक फरवरी को रेनू पिता को देखने मायके गई थीं। शनिवार दोपहर रेनू मायके से घर आने के लिए शाहाबाद बस अड्डे पर उतरी थीं। यहां अमित और उसका छोटा पुत्र रीतेश रेनू को मिले। अमित ने रेनू से घर पहुंचने के लिए कहा। कुछ देर बाद अमित भी बेटे के साथ गांव आ गया।
लालाराम ने बताया कि देर शाम बाबूराम के खेत के पास अमित मिला था। अमित नशे में था। इस दौरान अमित ने उनसे गाली-गलौज की थी। देर शाम अमित ने गांव में ही यूकेलिप्टस के पेड़ पर शर्ट से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं। कोतवाल जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि युवक शराब का आदी था। शव का पंचनामा भरवाया गया है।
फोटो-3- अमित। फाइल फोटो