गुरुवार की सुबह हुई बूंदाबांदी से मौसम की गर्माहट
में कुछ नरमी दिखाई दी। हालांकि, बारिश नहीं हो पाई। सुबह लगातार
बूंदाबांदी होते रहने के कारण मौसम के मिजाज ठंडे देख लोगों ने भी राहत की
सांस ली।
यह अलग बात है कि बूंदाबांदी के चलते लोगों को घर से बाहर
निकलने से लेकर जरूरी कार्यों के लिए आने जाने में दिक्कतों का सामना करना
पड़ा। ज्ञात हो कि बुधवार को बढ़ी उमस व तेज गरमी ने आम जनमानस को पूरी तरह
से झकझोर कर रख दिया था। हर कोई एक बार फिर बारिश की मांग करने लगा था।
जिसके बाद देर रात बढ़ी उमस में लोग पसीने पसीने हुए बगैर न रह सके।
गुरुवार की सुबह सवेरे उमड़े बादलों ने बारिश तो नहीं की पर बूंदाबांदी कर
मौसम की गर्माहट को काफी हद तक कम करने का प्रयास किया।जिस तरह से बादल
छाए हुए थे, उससे ऐसा लगा कि मानो घनघोर बारिश होने वाली है।
बहरहाल सुबह
से दोपहर तक रुक रुक कर हुई बूंदाबांदी से लोगों को जहां एक तरफ गर्मी से
निजात मिली, वहीं दूसरी ओर कइयों के कार्य भी प्रभावित हुए या फिर उन्हें
भीग कर जाना पड़ा। मौसम वैज्ञानिक जयशंकर मिश्र ने बताया कि अधिकतम तापमान
31 एवं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो 24 घंटे पूर्व के ही
तापमान से करीब पांच डिग्री कम है। लोगों को इस बूंदाबांदी से निश्चित रूप
से राहत मिली होगी।