जिले में अकारण सड़क जाम करने वाले और सरकारी संपत्ति
का नुकसान करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज की जाए और उनसे हुए नुकसान की वसूली
की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही अवैध
कारोबार से जुड़े लोगों के विरूद्ध सख्ती से निपटा जाए और वैध आय के अलावा
अन्य स्रोतों से कमाई गई संपत्ति को जप्त किया जाए।
यह बात डीआईजी
देवेंद्र चौधरी ने शनिवार को जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए
कही। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में गड़बड़ी करने वालों को चिह्नित कर
उनको पाबंद किया जाए और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर गैंगस्टर
की कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा अवैध कारोबार में शामिल लोगों के पकड़े
जाने पर उनकी संपत्ति का आकलन कर अवैध कमाई गई संपत्ति को जप्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि जाम से एक साथ काफी लोग परेशान होते हैं। इसके लिए सभी
अधिकारी एक-एक चौराहे की निगरानी रखे।
इसके साथ ही सड़क जाम और सरकारी
संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए। संपत्ति
के नुकसान का आकलन नामजद लोगों से वसूली की जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत
चुनाव के मद्देनजर गांव को ए, बी, सी श्रेणी में रखा जाए। अधिकारी गांव का
भ्रमण करें।
कहा कि पंचायत चुनाव में संवेदनशील थानों में शांति पूर्वक
चुनाव कराने वाले थाना प्रभारियों को पुरस्कृत किया जाएगा और गड़बड़ी होने
पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एसपी उमेश सिंह, एएसपी पूर्वी बीसी दुबे
आदि मौजूद थे।