फोटो- 23- जानकारी देते सर्जन डॉ. अरविंद शर्मा। संवाद
- सर्दियों में कम पानी पीने से शरीर को हो रहा नुकसान
- रोजाना तीन से चार लीटर पानी पीने की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। खान पान में लापरवाही और कम पानी पीने की वजह से पथरी की समस्या बढ़ रही है। आम तौर पर सर्दियों में लोग पानी कम पीते हैं। यह स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। पथरी से महिलाएं ज्यादा पीड़ित हो रही हैं। ओपीडी में हर रोज तीन से चार मरीज पथरी के ही मिल रहे हैं।
सर्दी के मौसम में शरीर में पानी की कमी होना घातक हो सकता है। भले ही प्यास न लगे, लेकिन पानी पीना और शरीर को हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी है। कम पानी पीने से यूरिन गाढ़ा हो जाता है और मिनरल्स चिपककर क्रिस्टल बनाते हैं और यही पथरी बन जाती हैं। इसके अलावा अनियमित जीवन शैली और गलत खानपान की वजह से भी गुर्दे और पित्त की थैली में पथरी बन जाती है। लोगों को इसकी जानकारी नहीं हो पाती है, लेकिन जब पेट में दर्द होता है और अल्ट्रासाउंड कराया जाता है तो पथरी की जानकारी हो पाती है। सर्जन डॉ. अरविंद शर्मा का कहना है कि शरीर में पानी की कमी न होने दे। रोजाना तीन से चार से लीटर पानी पीना चाहिए। ढाई लीटर से कम पानी पीने वालों को पथरी की समस्या हो जाती है। जंक फूड खाने से भी बचें, क्योंकि इसका उपयोग भी शरीर के लिए उचित नहीं होता है।
ब्लॉकेज से किडनी फेल होने का डर
हरदोई। मेडिकल कॉलेज के सर्जन डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि किडनी स्टोन से होने वाले ब्लॉकेज के कारण यूरीन वापस किडनी में जा सकता है। इसके कारण किडनी में सूजन हो सकती है। संक्रमण होने से एक्यूट किडनी इंजरी हो सकती है और किडनी फेल हो जाती है।
खान-पान में करें परहेज
हरदोई। चिकित्सक के अनुसार अगर किसी मरीज को पथरी की समस्या है, तो खानपान में परहेज करना चाहिए। उनको नमक कम खाना चाहिए। हाई ऑक्सलेट वाली चीजे जैसे चाकलेट, चाय, शकरकंद नहीं खानी चाहिए। इसके साथ ही मीट, कोलड्रिंक्स, शराब या डिहाइड्रेटिंग चीज का सेवन नहीं करना चाहिए।