हरदोई। रोजगार की समस्या के समाधान के लिए जिले में उद्योगों का विस्तार बहुत जरूरी है। बेरोजगारी दूर करके समाज में खुशहाली लाई जा सकती है। बुधवार को इंडस्ट्रियल एरिया में क्रेडिट लिंक्ड कैपिटल सब्सिडी विषय पर हुई कार्यशाला में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पुलकित खरे ने ये बात कही।
उन्होंने कहा कि मुख्यालय, संडीला, बिलग्राम, शाहाबाद, माधौगंज व आसपास के क्षेत्र में स्थित औद्योगिक इकाइयों के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उद्योगों के आधुनिकीकरण के लिए केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सब्सिडी की सुविधा उद्यमियों को आसानी से उपलब्ध है। बैंकों द्वारा उद्यमियों को आसानी से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले के उद्यमियों की समस्याओं का जल्द निस्तारण होगा। सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि स्वयं सेवी संगठनों द्वारा परंपरागत ज्ञान के आधार पर उत्पाद तैयार किए जाते हैं। उन्होंने इन उत्पादों की विपणन व्यवस्था सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की। कानपुर के एमएसएमई विकास संस्थान के प्रभारी निदेशक एलबीएस यादव ने कहा कि उद्यमी मंत्रालय द्वारा कलस्टर विकास योजना के माध्यम से लाभ उठा सकते हैं। इंडस्ट्रीयल स्टेट एसोसिएशन के पदाधिकारी मन्नी लाल शाह, रमेश चंद्र पाठक व प्रदीप गुप्ता ने विकास के लिए उठाए गए कदमों को बताया। कार्यशाला को सहायक निदेशक सुनील कुमार अग्निहोत्री, उपायुक्त उद्योग एसके त्रिपाठी, बीएन शुक्ला, राकेश केसरवानी, आरपी विश्वकर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर विनय पांडे समेत कई उद्यमी व व्यापारी मौजूद रहे।