विकास भवन सभागार में दिशा की बैठक में मौजूद सीडीओ निधी गुप्ता वत्स, डीएम पुलकित खरे, सदर सांसद जय ?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जिला विकास समन्वयक एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की शुक्रवार को हुई बैठक में दोनों सांसदों के तेवरों से तीखी सर्दी के बीच भी अफसर पसीना-पसीना होते नजर आए। सदर सांसद जय प्रकाश ने तो वन विभाग के पौधरोपण पर यहां तक कह डाला कि कब तक गलत आंकड़े देकर गुमराह करते रहेंगे। मिश्रिख सांसद अशोक रावत ने बेसिक विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती के मामले में तेवर दिखाए तो सवायजपुर विधायक के प्रतिनिधि रजनीश त्रिपाठी ने भी स्वेटर वितरण से लेकर विद्युत विभाग के अवर अभियंताओं तक की कार्यशैली को निशाने पर रखा।
विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित दिशा की बैठक की अध्यक्षता सांसद जय प्रकाश ने की। सांसद ने कहा कि विद्युत विभाग के अवर अभियंताओं द्वारा फोन रिसीव न करने और उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण न होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। खराब ट्रांसफार्मर और तार न बदले जाने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। सवायजपुर में उप खंड अधिकारी न होने पर डीएम पुलकित खरे ने निर्देश दिए कि सांडी और बिलग्राम के एसडीओ सप्ताह में तीन दिन में सवायजपुर में बैठ कर समस्याएं निस्तारित कराएं। वन विभाग की समीक्षा में पौधरोपण के आंकड़ों पर सांसद जय प्रकाश ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि शुक्रवार को ही एक रिपोर्ट में पढ़ा कि पौधे लगते जा रहे हैं, लेकिन वन आच्छादित क्षेत्र घटता जा रहा है।
उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि कब तक गलत आंकड़े देकर गुमराह करेंगे। मिश्रिख सांसद अशोक रावत ने स्वास्थ्य विभाग की आशा का समय से मानदेय न दिए जाने का मामला उठाया और भुगतान के लिए लिपिकों द्वारा धन की मांग किए जाने की बात भी कही। इस पर सांसद जय प्रकाश ने एक टीम गठित कर जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। सांसद अशोक रावत ने कहा कि दूरस्थ विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती मानक के अनुसार नहीं हैं। शिक्षकों की सूची उपलब्ध करा दी जाए, ताकि औचक निरीक्षण में हकीकत का पता चल सके। सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू के प्रतिनिधि रजनीश त्रिपाठी ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में पंजीकृत छात्र और वास्तविक छात्रों की संख्या में अंतर है और इसकी आड़ में स्वेटर वितरण में भी अनियमितता हो रही है। वास्तविक छात्र संख्या और वितरित स्वेटरों की संख्या का मिलान कराए जाने की बात उन्होंने कही। बैठक में विधायक प्रभाष कुमार, सीडीओ निधी गुप्ता वत्स, उप निदेशक कृषि डा. आशुतोष मिश्र आदि मौजूद रहे।
शिलान्यास और उद्घाटन जनप्रतिनिधियों से कराएं
बैठक के दौरान दोनों सांसदों ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी कार्य का शिलान्यास और लोकार्पण जनप्रतिनिधि से ही कराया जाए। जनप्रतिनिधियों को सबसे पहले इसकी सूचना दी जाए। जनप्रतिनिधियों के पत्रों का ब्योरा एक रजिस्टर पर दर्ज किया जाए। साथ ही कहा गया कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का निस्तारण भी जल्द करें।