हरदोई। अलग-अलग थाना क्षेत्र में दो युवकों ने फांसी लगा कर जान दे दी। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। दोनों परिवारों की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
शहर क ोतवाली के मोहल्ला चांद बेहटा निवासी सुमित मिश्र (19) पुत्र स्व. राम किशोर ने शनिवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव कमरे के अंदर पंखे से लटकता मिला।
कोतवाल कमलेश नारायण ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों ने दी थी। युवक का शव पंखे से लटक रहा था। दरवाजा में अंदर से कुंडी लगी थी। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि वह दोपहर लगभग 12 बजे कमरे के अंदर गया था।
काफी देर तक जब बाहर नहीं आया तो दरवाजा खुलवाने के लिए सुमित को आवाजें दी गई। जवाब न मिलने पर कमरे की खिड़की से देखा गया तो उसका शव लटक रहा था।
कोतवाल ने बताया कि दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। इस संबंध में परिजनों ने उन्हें तहरीर नहीं दी है। घटना के संबंध में परिजनों ने कुछ भी बताने से मना किया है।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के शर्मा गांव निवासी राकेश के पुत्र राजीव (22) ने शुक्रवार को गांव के बाहर आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। राजीव के छोटे भाई संजीव ने बताया कि दो साल से राजीव मानसिक तौर से बीमार था।
उसका इलाज कराया जा रहा था। शुक्रवार को शाम पांच बजे वह बिना बताए घर से निकला था। लगभग छह बजे उधर पहुंचे ग्रामीणों ने शव लटकता देखा था।
संजीव ने किसी भी आरोप से इनकार किया। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया सूचना मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इस संबंध में परिजनों ने उनको कोई तहरीर नहीं दी है।