हरदोई। प्राथमिक विद्यालय कंथाथोक को मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। जिलाधिकारी अनुनय झा ने विद्यालय को गोद लिया है। उन्होंने मंगलवार को विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा।
डीएम ने टड़ियावां के प्राथमिक विद्यालय कंथाथोक का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के पुराने जर्जर भवन को गिरवाए जाने की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ पेयजल, खेल मैदान, शौचालय, बिजली और पढ़ाई के लिए बेहतर संसाधनों को जुटाने के निर्देश दिए। कक्षा कक्षों में एलईडी लाइट लगवाई जाएं।
प्रधानाध्यापक को निर्देश दिए कि विद्यालय की दीवार ऊंची कराई जाए। विद्यालय की दीवार से सटी दुकानों को हटवाया जाए। प्रधानाध्यापक कक्ष को व्यवस्थित कराएं। परिसर में बरगद वृक्ष के चारों ओर चबूतरा बनवाया जाए और आसपास पौधरोपण कराया जाए। दीवारों पर ज्ञानवर्धक स्लोगन लिखवाएं, साथ ही छात्रों की शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के समय खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार और शिक्षक-शिक्षिकाएं आदि मौजूद रहे।