संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। 19 फरवरी को प्रस्तावित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी-04) के भव्य आयोजन की डीएम ने अधिकारियों के साथ रुपरेखा तय की। कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने जीबीसी के लिए जेके ग्रांड रिसोर्ट का जायजा लिया। हॉल और परिसर में होने वाले कार्यक्रमों के लिए रुपरेखा बताई। परिसर में 36 स्टॉल लगाए जाने के लिए पंडाल आदि पर चर्चा की। कहा कि प्रधानमंत्री के लाइव प्रसारण के लिए हॉल और परिसर में एलसीडी लगवाई जाएं।
उद्यमियों के स्वागत, जानकारी और उनके बैठने के लिए सही और पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए। इससे पहले कार्यालय कक्ष में बैठक में तैयारियों की जानकारी ली। कहा कि जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया जाए। सभी व्यवस्थाएं पहले से ही जुटा ली जाएं और नाश्ता व लंच आदि गुणवत्तापरक रखा जाए।
बैठक में सीडीओ सौम्या गुरूरानी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रशांत तिवारी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट संजय अग्रहरि, डीएसटीओ डॉ. रामप्रकाश, उद्योग उपायुक्त दुर्गेश कुमार, डीएसओ केएन सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार आदि साथ रहे।
-
सभी विधानसभा क्षेत्रों में होगा जीबीसी का आयोजन
डीएम ने बताया कि 19 फरवरी को होने वाली जीबीसी का जिला स्तरीय आयोजन जेके ग्रांड रिसोर्ट में होगा जबकि, शासन ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजन के आदेश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है।