मल्लावां। दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को घर से निकाल कर तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर मल्लावां पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जनपद उन्नाव के थाना बांगरमऊ के कस्बा निवासी इस्लामुद्दीन की बेटी रुखसाना ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 22 दिसंबर 2019 को उसका निकाह मल्लावां के मोहल्ला दरगाह निवासी रियाज अंसारी के साथ हुआ था।
शादी में पिता ने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था। इसके बावजूद ससुराली दहेज से संतुष्ट नहीं हुए।
बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति रियाज, सास जाहिरा, जेठ इम्तियाज, देवर सरफराज, ननद कमरनाज दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर ससुराली उसे प्रताड़ित करने लगे।
चार सितंबर 2020 को ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। तब से वह मायके में रह रही है। बताया कि 11 फरवरी 2022 को ससुराल पक्ष के लोग घर आकर दहेज की मांग करने लगे।
जिसको लेकर विवाद होने लगा। इसी बीच पति रियाज ने तलाक दे दिया। पुलिस ने पति के विरुद्ध तीन तलाक, दहेज उत्पीड़न समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।