फोटो 31 : पांच अप्रैल के अंक में प्रकाशित खबर।
हरदोई। परिषदीय स्कूलों को कनेक्शन बिना ही विद्युतीकरण दिखाए जाने के खुलासे से विभाग में खलबली है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजीत सिंह ने जिला समन्वयक सिविल को नोटिस जारी किया है। साक्ष्य सहित दो दिन के अंदर जवाब मांगा है। चेतावनी दी कि साक्ष्य सहित संतोषनजक जवाब न आने पर कार्रवाई की जाएगी।
परिषदीय स्कूलों को 19 पैरामीटर पर संतृप्त कराए जाने की व्यवस्था दी गई है। मिशन कायाकल्प में इन पैरामीटर की लगातार समीक्षा भी की गई और खंड शिक्षा अधिकारियों, अवर अभियंताओं और जिला समन्वय सिविल से रिपोर्ट भी ली गई। बताया गया कि 19 पैरामीटर में स्कूलों का विद्युतीकरण शामिल है।
अमर उजाला की पड़ताल में विकास खंड सुरसा के उच्च प्राथमिक विद्यालय ढोलिया, प्राथमिक विद्यालय भकुराई, शेखवापुर और विकास खंड हरियावां के बोझवा कुरसेली में अभी तक बिजली कनेक्शन ही नहीं हुआ है। साल-2021 से अभी तक बिजली कनेक्शन न होने के बाद भी जिम्मेदारों ने 19 पैरामीटर में इन विद्यालयों को विद्युतीकरण की श्रेणी में संतृप्त दिखा दिया। अमर उजाला ने पांच अप्रैल के अंक में ‘दावा सभी में बिजली होने का लेकिन इन विद्यालयों में नहीं पहुंचा करंट’ शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का अधिकारियों ने संज्ञान लिया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिला समन्वयक सिविल बृजभूषण मिश्र को नोटिस जारी किया। कहा कि जब इन विद्यालयों में बिजली कनेक्शन नहीं हैं तो किस आधार पर कायाकल्प के 19 पैरामीटर में संतृप्त दिखाया गया है। बिजली कनेक्शन होने की रिपोर्ट किन अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी। साक्ष्य सहित जवाब मांगा है।