हरदोई। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के पलिया गांव में किराना दुकानदार की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। गांव की ही एक महिला से अवैध संबंध के कारण दुकानदार की हत्या की गई। लेनदेन का विवाद महज दिखावा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शटरिंग में इस्तेमाल होने वाले लकड़ी के पटरेनुमा फंटी से पीट पीटकर हत्या की गई थी।
पलिया निवासी इंद्रपाल उर्फ भूरा (60) पलिया चौराहे पर किराना की दुकान चलाते थे। शाम को वह घर पर खाना खाने के बाद दुकान पर ही सो जाते थे। शुक्रवार रात खाना खाने के बाद घर से दुकान जा रहे थे। रास्ते में महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के पास उनकी हत्या कर दी गई थी। पुत्र सुरजीत ने गांव निवासी छंगा पर लेनदेन के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने छंगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह ने बताया कि छंगा के परिवार की एक महिला से इंद्रपाल के अवैध संबंध थे। कुछ दिन पहले छंगा ने इंद्रपाल और परिवार की महिला को साथ देख लिया था। तब से वह इंद्रपाल से नाराज था। ग्रामीणों ने बताया कि बीती 29 अक्तूबर को भी इंद्रपाल और छंगा के बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
हालांकि, बदनामी से बचने के लिए इंद्रपाल ने छंगा से 150 रुपये के लेनदेन का विवाद होने की बात कही थी। हालांकि, वह विवाद शांत हो गया था। सुरजीत ने पुलिस को दी तहरीर में अवैध संबंधों के साथ डेढ़ सौ रुपये के लेनदेन के विवाद की बात भी कही। कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर छंगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। छंगा ने यह भी बताया कि स्लेब डालने में इस्तेमाल होने वाले पटरेनुमा लकड़ी से इंद्रपाल पर कई वार किए थे। इससे उसकी मौत हो गई।