सांडी स्थित विपणन शाखा के क्रय केंद्र पर पलटी पड़ी कुर्सी व मेजें। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
सांडी (हरदोई)। मंडी स्थित धान क्रय केंद्र पर शुक्रवार को पहुंचे किसानों ने क्रय केंद्र प्रभारी पर खरीद में टाल मटोल और अभद्रता करने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। केंद्र प्रभारी ने ड्यूटी पर लगाए गए लेखपाल और किसानों के खिलाफ तहरीर दी है। उनका कहना है कि किसानों ने अभिलेख और सामान उठाकर फेंक दिया। मामले में एसडीएम बिलग्राम रामविलास यादव ने एसओ सांडी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को सांडी मंडी स्थित विपणन विभाग के क्रय केंद्र पर बिक्री के लिए धान लेकर पहुंचे भौराजपुर निवासी किसान परशुराम, नरेश व हरपाल का केंद्र प्रभारी से विवाद हो गया। आरोप लगाया कि केंद्र प्रभारी कुछ न कुछ कमी निकालकर धान लौटा देते हैं।
वहीं केंद्र प्रभारी रेनू मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि तीनों किसान और लेखपाल समेत कई लोग उनके केंद्र पर आए। उनसे गालीगलौज कर केंद्र से हटवाने की धमकी दी। किसानों ने लेखपाल की शिकायत करने पर नाराजगी जताई। केंद्र प्रभारी ने आरोपियों से खुद को जान माल का खतरा बताया है। विवाद की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम रामविलास यादव मौके पर पहुंच गए और स्थिति संभाली। एसओ रामलखन ने बताया कि पूरा प्रकरण संज्ञान में है। मामले की जांच की जा रही है।