संडीला। सभासद व नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी (ईओ) के विवाद से कस्बा की 60 हजार आबादी को परेशानी उठानी पड़ रही है। सभासद पर कार्रवाई की मांग लेकर सफाई कर्मी हड़ताल पर चले गए। सोमवार को 25 वार्डों के मोहल्लों में न तो साफ-सफाई के लिए झाड़ू लगी और न ही कूड़े का उठान हुआ। इससे मोहल्लों में गंदगी पसरने लगी है और मंदिरों के पास भी साफ-सफाई नहीं हुई।
यहां पर वार्ड संख्या-नौ के सभासद अजय द्विवेदी और नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी विजेता गुप्ता व अवर अभियंता सुनील यादव के मध्य विवाद थाना-कोतवाली तक पहुंच चुका है। अधिशासी अधिकारी ने सभासद के विरुद्ध कोतवाली में एफआइआर दर्ज करा दी है। नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मियों ने स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के पैड पर पत्र देकर कोतवाली प्रभारी से सभासद की गिरफ्तारी की मांग की है। कर्मचारियों ने कार्रवाई तक आंदोलन करने की बात कही है।
सफाई कर्मियों ने सोमवार को कार्यालय खुलने पर काम करने से मना कर दिया। इससे प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों और मोहल्लों में साफ-सफाई नहीं हो सकी है। गंदगी व कूड़ा उठान न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सभासदों ने नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
सभासदों ने सोमवार को नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता पर कार्रवाई व एफआईआर की मांग को लेकर डीएम को संबोधित ज्ञापन यहां नायब तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में कहा है कि अवर अभियंता यहां पर आठ वर्षों से तैनात हैं और सभासदों से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। कहा है कि थाना प्रभारी को शनिवार को दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया जाए और इनका यहां से स्थानांतरण किया जाए। ज्ञापन देने वालों में सभासद अजय द्विवेदी, अमन सिंह, मदन गोपाल, रूमन देवी, अनिसा, मधुरानी, मोहम्मद नसीम व जुबैर अंसारी शामिल रहे।