मल्लावां। विद्युत निगम के जिम्मेदारों की लापरवाही ब्लॉक के परमी और फुलई गांव के निवासियों के लिए हादसे की वजह बन सकती है। गांव में तमाम घरों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली हुई हैं ऐसे में सैकड़ों ग्रामीणों का जीवन दांव पर लगा हुआ है। 33 केवी हाईटेंशन लाइन और घर के बाहर असुरक्षित ढंग से जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर किसी भी वक्त बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
विद्युत सुधारीकरण पर हर साल करोड़ों रुपये का बजट खर्च किया जाता है। इसके बाद भी स्थिति में अभी तक कोई सुधार नहीं हुआ है। बता दें कि क्षेत्र के परमी और फुलई गांव में लोगों के घरों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकली हुई है। इनसे कई हादसे भी हो चुके हैं इसके बाद भी लाइनें हटाई नहीं जा रही हैं। ऐसा ही एक मामला गांव परमी का है।
गांव निवासी रामबिलास के घर के ठीक बाहर जमीन पर 33 केवीए का ट्रांसफार्मर रखा है। सुरक्षा घेरा न होने के कारण 16 जनवरी को एक तीन वर्षीय मासूम इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया था। इस घटना के बाद भी विभाग की नींद नहीं टूटी है। रामबिलास बताते हैं कि ट्रांसफार्मर का एक पोल उनकी छत को छू रहा है और तार छत से मात्र दो फिट की ऊंचाई पर हैं जिससे परिवार का छत पर जाना दूभर हो गया है।
केस-1- मनोहर बताते हैं कि विद्युत लाइन में लगे तार 30 साल पुराने हो चुके हैं और अत्यंत जर्जर हैं। यह कभी भी टूट कर गिर सकते हैं। कई बार शिकायत की गई लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई।
केस-2- देवीप्रसाद ने बताया कि उनके घर के पीछे महज सात फिट की ऊंचाई से लाइन गुजर रही है। इसके डर से वह अपने घर का निर्माण नहीं करा पा रहे हैं।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
ग्राम प्रधान पुष्पेंद्र पाल ने बताया कि रामबिलास, पिंटू, अजय, मनोहर, सर्वेश, रामकुमार, मुंनीष, रजेपाल और रामकांत सहित तमाम परिवारों के घरों के ऊपर से यह लाइन निकल रही है। विद्युत लाइन शिफ्टिंग और सुरक्षा के लिए कई बार विद्युत निगम में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।
विद्युत लाइन पहले से निकली हुई है और घर बाद में बनाए गए हैं। जिन लोगों ने लाइनों के नीचे घर बनाए हैं उनको धारा 80 के तहत नोटिस दिया गया है। हालांकि, लाइनों को भी शिफ्ट करने के लिए प्रस्ताव दिया गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो लाइनें हटा दी जाएंगी। -अशोक यादव, अधिशाषी अभियंता, प्रथम
फोटो- 18- घर के ऊपर से निकली 33 केवी हाईटेंशन लाइन। संवाद
फोटो- 18- घर के ऊपर से निकली 33 केवी हाईटेंशन लाइन। संवाद