पहली बार जिले में आई केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने जिले पर सौगातों की बौछार कर दी। केंद्रीय विद्यालय को इंटर तक की मान्यता दी। 10 में ई कक्षाओं का उपहार भी दिया। उन्होंने कहा कि मोदी के डिजिटल इंडिया के सपने में इस जिले को भी शामिल कराया जाएगा।
मलिहामऊ में केंद्रीय विद्यालय का शिलान्यास व बाल विद्या भवन में नव निर्मित 25 सड़कों एवं भवनों का शिलान्यास व लोकार्पण करने रविवार को जिले में पहुंची केंद्रीय मानव संसाधन एवं विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि जिले के गरीब तबके को ऊपर उठाने एवं आगे बढ़ने के लिए उनकी चुनौतियों को कम करने के लिए वह शिक्षा का पौधा लगा कर जा रही है। प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया के सपने में जिले को भी शामिल कर रही हैं।
अब जिले के केंद्रीय विद्यालय में कक्षा एक से छह तक नहीं बल्कि कक्षा 12 तक पढ़ाई होगी। उन्होंने कला, विज्ञान व वाणिज्य संकाय तीनों में कक्षाएं संचालित कराए जाने के भी निर्देश वहां मौजूद केंद्रीय विद्यालय संगठन के कमिशभनर संतोष मल्ल को दिए। केंद्रीय मंत्री ने इसी केंद्रीय विद्यालय की स्थाई बिल्डिंग में 10 ई कक्षाएं संचालित कराए जाने के भी निर्देश जारी कर दिए।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया से जुड़ने वाले जिले के केंद्रीय विद्यालय में ही शिक्षकों को भी हाईटेक किया जाएगा। प्रोजेक्टर पर ई कंटेंट व वीडियो कंटेंट के माध्यम से वह बच्चों को आधुनिक शिक्षा प्रदान करेंगे। उन्हाेंने जिले मे सभी जनप्रतिनिधियों व विधायकों को अपने संबोधन में शामिल करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जो सहयोग करना चाह रहे हो वह आगे आए और अपने जिले को विकास के रास्ते पर शामिल कराए। सांसद अंशुल वर्मा ने कहा कि वह आगे भी जिले के विकास को लेकर कार्य करते रहेंगे।