संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्याें के शिक्षण कार्य की समीक्षा बैठक में आठ प्रधानाचार्य गैरहाजिर रहे। डायट के प्राचार्य ने गैरहाजिर रहने वाले प्रधानाचार्याें के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए पत्र जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजा है।
राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर में सुधार लाने के लिए डायट में शनिवार को समीक्षा बैठक बुलाई गई थी। बैठक में जिले के सभी 53 राजकीय हाईस्कूल और इंटर कालेज के प्रधानाचार्य/ प्रधानाध्यापकों को बुलाया गया था। राजकीय बालिका इंटर कालेज की प्रभारी प्रधानाचार्या ने बताया कि विद्यालय में 100 विद्यार्थी हैं, जिसमें 15 ए श्रेणी में, 50 बी श्रेणी और 25 सी श्रेणी के हैं।
कमजोर बच्चों के शिक्षण के लिए अलग से बेहतर बच्चों को लगाया गया है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहुतीकला की प्रधानाध्यापिका ने बताया कि कुल 38 विद्यार्थी हैं, जिनका श्रेणीकरण किया गया है। डायट प्राचार्य राम प्रवेश ने कहा कि विद्यालय में प्रत्येक शिक्षक लेसन प्लान बनाकर शिक्षण कार्य करें। शिक्षण कार्य के दौरान टीएलएम सामग्री का प्रयोग करें। सप्ताह के अंत में मध्यावकाश में विद्यार्थियों से श्रमदान कराएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, खेल प्रतियोगिताएं हों, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं।
विद्यार्थियों में किताबों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए विद्यालय में पुस्तकालय को विधिवत संचालित किया जाए। विद्यालय में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाए। बैठक में आठ राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य/ प्रधानाध्यापक शामिल नहीं हुए, जिस पर प्राचार्य की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक को संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य/ प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण प्राप्त कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर डायट प्रवक्ता और राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य/ प्रधानाध्यापक मौजूद रहे।
यह रहे बैठक में अनुपस्थित: पं. दीन दयाल राजकीय माॅडल इंटर कालेज सिकरोहरी, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संगैचामऊ, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समुई, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुगौना, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मटियामऊ, अर्जुनपुर, खजोहना और अल्लाहदादपुर के प्रधानाचार्य/ प्रधानाध्यापक शामिल हैं।