हरदोई/बिलग्राम। क्षेत्र के कटारपुर गांव में घर में लगी आग से पति-पत्नी और 28 दिन की नवजात बच्ची की जलकर मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में पाया गया कि जिस कमरे में हादसा हुआ, वहां केन में 15 लीटर डीजल भी रखा था। पहले इनवर्टर की बैटरी में आग लगी, फिर फ्रिज का कंप्रेशर फटा और डीजल रखा होने की वजह से आग इतनी विकराल हो गई कि तीनों की जान चली गई। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से ही इनवर्टर की बैटरी में आग लगी थी।
रात को आग की लपटे देखकर आस पास के लोग भी जग गए। लोगों का कहना है कि कमरा अंदर से बंद था। इसके चलते उसे तोड़ना पड़ा। आग की लपटें तेजी से निकल रही थी। बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। इस दौरान पति-पत्नी को तो बेहद गंभीर हालत में निकाल लिया गया, लेकिन नवजात की जलकर मौत हो गई।
बाद में इलाज के दौरान दंपती ने भी दम तोड़ दिया। गृहस्थी का सारा सामान भी जलकर राख हो गया। सीओ सत्येंद्र सिंह ने हादसे की वजह शार्ट सर्किट होना बताया है। लोगों के मुताबिक कमरे में सिंचाई के लिए डीजल भरा केन रखा था। विमलेश (25) और उनकी पत्नी पुष्पा व 28 दिन की बच्ची की मौत से गुरुवार को भी गांव में सन्नाटा पसरा रहा।