बेहटा गोकुल। बस्ती जनपद में पंचायत चुनाव की ड्यूटी करने गए बेहटा गोकुल क्षेत्र निवासी होमगार्ड को हार्ट अटैक पड़ गया। परिजन शुक्रवार को उसे बस्ती से इलाज के लिए हरदोई ला रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
बेहटाधीरा निवासी होमगार्ड रामबाबू (57) 24 अप्रैल को पंचायत चुनाव में ड्यूटी करने बस्ती गए थे। बस्ती में जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर एक मतदान केंद्र पर उनकी ड्यूटी थी।
29 अप्रैल को ड्यूटी के दौरान उन्हें हार्ट अटैक पड़ गया। साथी कर्मियों ने उन्हें बस्ती के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत में कोई सुधार नहीं आया।
बेटे रजनीश ने बताया कि इस बीच सूचना मिलने पर वह और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। पिता की हालत में सुधार न होने पर उन्हें इलाज के लिए हरदोई लेकर आ रहे थे, रास्ते में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने बताया कि रामबाबू एक बेटा व एक बेटी है।