हरदोई। लोग सरकारी भूमि पर भी कब्जा करने से चूक नहीं रहे हैं। संडीला की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की तरफ से राजस्व टीम के माध्यम से बेगमगंज में खाली कराई गई ग्राम समाज की भूमि पर ढाबा संचालक ने फिर से कब्जा कर लिया है। ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा किए जाने से वहां पर बनवाए जा रहे बरातघर का काम भी रुक गया है।
तहसील संडीला की ग्राम पंचायत बेगमगंज में एनएचएआई से सटी ग्राम समाज की करोड़ों की कीमत की भूमि है। भूमि पर लोगों ने कब्जा कर रखे हैं। ग्राम पंचायत बेगमगंज मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार में चयनित किया गया। प्रधान राधिका गुप्ता की तरफ से मुख्यमंत्री और डीएम को दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायत की तरफ से एनएचएआई से सटी भूमि पर डीएम की स्वीकृति पर 11 मार्च से बरातघर बनवाना शुरू कराया है। निर्माण छत स्तर तक पहुंच गया है। दो दिन के लिए प्रधान के बाहर जाते ही निर्माणाधीन भूमि के पास ही ग्राम समाज की भूमि पर ढाबा संचालक ने चारदीवारी बनाकर कब्जा कर लिया है। जिससे काम भी रोकना पड़ा है।
बताया कि ग्राम समाज की भूमि को बरातघर बनवाने से पहले ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की तरफ से राजस्व टीम के माध्यम से पैमाइश कराते हुए खाली कराया गया था। ढाबा संचालक पहले ही ग्राम समाज की भूमि पर काबिज है और अब चाहरदीवारी बनाकर और भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। डीएम अनुनय झा ने पूरे मामले की जांच, कार्रवाई और भूमि खाली कराने के आदेश दिए हैं।