हरदोई। रेलवे ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव कार्य के चलते देवमनपुर फाटक को बुधवार को बंद कर दिया गया है। रेलवे ने फाटक के सामने की पटरियों को बदलने का काम शुरू कर दिया है। इससे सड़क मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। रेलवे क्रॉसिंग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग से गुजरना होगा।
हरदोई से लखनऊ सड़क पर बालामऊ-बघौली स्टेशन के बीच बने रेल समपार 259-सी देवमनपुर फाटक पर पटरियों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। सीनियर सेक्शन इंजीनियर पवन शर्मा ने बताया कि मरम्मत कार्य के चलते देवमनपुर रेल फाटक को मंगलवार से बंद किया गया है जो बुधवार को भी सुबह दस बजे से शाम को छह बजे तक बंद रहेगा।
ऐसे में फाटक बंद होने से सड़क मार्ग से वाहनों का आवागमन पूरी तरह से ठप रहेगा। सड़क से होकर फाटक के पार जाने वाले राहगीरों और वाहनों को बालामऊ स्टेशन फाटक के समपार संख्या 258-बी और समपार संख्या 260-सी बरवा सरसंड फाटक से गुजरना होगा। उन्होंने बताया कि यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों पर सड़क यातायात चालू रखा गया है। ऐसे में लोग इन वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर आवागमन कर सकते हैं।