हरदोई। परिषदीय विद्यालयों की प्रबंध समिति को 44 दिन के अंदर साढ़े सात करोड़ के कार्य कराने होंगें। विभाग की ओर से 16 फरवरी को कंपोजिट ग्रांट की धनराशि जारी की गई। 31 मार्च तक कार्य न कराने पर जारी धनराशि लैप्स हो जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने समय सीमा में कार्य करने के लिए विद्यालय प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए हैं।
परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए शासन की ओर से प्रति वर्ष कंपोजिट ग्रांट के रूप में धनराशि उपलब्ध कराई जाती है। जिससे विद्यालय में संसाधनों को पूरा किया जा सके और विद्यालय के व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा सके। दो फरवरी को शासन की ओर से कुल आवंटित बजट की 50 प्रतिशत धनराशि सात करोड़ 45 लाख 87 हजार पांच सौ रुपये जारी कर दी गई। साथ ही तीन दिन के अंदर धनराशि को विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए है।
विद्यालय प्रबंध समिति 31 मार्च तक सारी धनराशि को व्यय करने के साथ ही कार्य को भी पूरा कराना है। अब सिर्फ 44 दिन का समय मिला है। बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बताया कि धनराशि स्थानांतरित कर दी गई है और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को मानीटरिंग कर कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए गए है।