जनपद में औद्योगिक विकास पर जोर देते हुए सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम और निर्यात प्रोत्साह स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि जनपद में इंडस्ट्रियल एरिया को विकसित कर फैक्ट्रियां लगाई जाएंगी।
उन्होंने बंद पड़े उद्योगों को पुर्नजीवित करने की बात कही। साथ ही उद्यमियों से भी योजनाएं तैयार कर प्रस्ताव मांगे हैं ताकि जनपद में विकास व रोजगार को बढ़ाया जा सके।
सूबे के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल शनिवार को वैटगंज स्थित अपने आवास पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर जनपद की गतिविधियों की जानकारी ली। जनसमस्याओं को सुन कर उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में विकास से संबंधित योजनाओं पर चर्चा की।
बताया कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों की स्थापना के लिए प्रस्ताव बनाकर मुख्यमंत्री को दिया है, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकृत कर दिया। इस प्रस्ताव के बाद हरदोई में औद्योगिक विकास का वातावरण बनेगा। जनपद में उपलब्ध स्थानों पर इंडस्ट्रियल एरिया विकसित होगा, जिन पर स्थानीय लोग फैक्ट्रियां लगवा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि वह लोग अपने- अपने क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए योजनाएं दें। इस दौरान ब्लाक प्रमुख प्रेम सिंह, धर्मेंद्र सिंह, समीर सिंह, सुशील जायसवाल, अमित बाजपेयी, हाजी वसीम अहमद सिद्दीकी, श्रीराम वर्मा, यासीन अली शाह, मनीष चतुर्वेदी, नाजिम खां, कमलेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।