हरदोई। दिवाली और छठ पूजा से पहले घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ का असर अब हरदोई आने वाली ट्रेनों के आरक्षण पर साफ दिखाई देने लगा है। दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के शहरों से हरदोई आने वाली प्रमुख ट्रेनों में कंफर्म सीट के लिए मारामारी शुरू हो गई है।
24 सितंबर की उपलब्धता में दिल्ली से हरदोई आने वाली अवध-असम एक्सप्रेस में स्लीपर की वेटिंग 67 और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में 44 तक पहुंच गई। एसी श्रेणियों में भी कई ट्रेनों में वेटिंग चल रही है। हरदोई से गाजियाबाद की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी स्थिति राहत देने वाली नहीं है। अवध-असम एक्सप्रेस में स्लीपर और थर्ड एसी में बुकिंग पर रिग्रेट यानी आगे आरक्षण न मिलने की स्थिति दिख रही है।
सद्भावना एक्सप्रेस में भी स्लीपर की वेटिंग 33 और थर्ड एसी में 10 तक पहुंच चुकी है। त्योहारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हरदोई स्टेशन से होकर कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। इनमें वाराणसी-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल, चंडीगढ़-पटना स्पेशल और अमृतसर-बरौनी स्पेशल जैसी ट्रेनें शामिल हैं। वहीं अमृतसर-बरौनी स्पेशल का हरदोई में दोनों दिशाओं से ठहराव निर्धारित है। इसके अलावा रेलवे ने कुछ नियमित एक्सप्रेस ट्रेनों में भी अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाने की भी व्यवस्था की। बावजूद इसके सीटों की मांग लगातार बनी हुई है। ऐसे में दिवाली और छठ के नजदीक आने पर वेटिंग और बढ़ने की संभावना है।
अक्तूबर में ये ट्रेनें हरदोई से होकर गुजरेंगी
. 04512 चंडीगढ़–पटना स्पेशल- एक अक्तूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को हरदोई सुबह 8:54 बजे पहुंचेगी।
. 04511 पटना–चंडीगढ़ स्पेशल- दो अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को हरदोई में सुबह करीब 10:58 बजे पहुंचेगी।
. 04227 वाराणसी–चंडीगढ़ स्पेशल- एक अक्तूबर से 29 नवंबर तक बृहस्पतिवार और रविवार को चलेगी।
. 04667 बरौनी–अमृतसर स्पेशल- छह अक्तूबर से एक दिसंबर तक। हरदोई में ठहराव रहेगा।
. 04668 अमृतसर–बरौनी स्पेशल- चार अक्तूबर से 29 नवंबर तक। हरदोई में ठहराव रहेगा।