हरदोई। सपा जिला उपाध्यक्ष पर धोखाधड़ी कर जमीन हथियाने का आरोप लगा है। सांडी के नोनखारा निवासी पीड़ित व्यक्ति ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर सपा नेता पर जालसाजी कर उसके वृद्ध पिता से जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। उधर, सपा नेता का कहना है इस मामले से कोई लेना देना नहीं है जो आरोप लगाए गए हैं वह गलत है।
पीड़ित ने एसपी विपिन कुमार मिश्र को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि 2015 में वह एक मामले में जेल गया था। वृद्ध पिता रामऔतार ने जमानत कराने के लिए दूर के रिश्तेदार नन्हें, राहुल, रामलखन, रोहित, रामचंद्र से मदद मांगी। इस पर पांचोें ने मदद के लिए अरवल थाने क्षेत्र निवासी वीरेंद्र यादव उर्फ बीरे से मिलवाया।
पीड़ित ने बताया कि वीरेंद्र यादव ने उसके पिता से जमानत के कागज तैयार कराने की बात कही और कई बार सवायजपुर तहसील ले गए। पीड़ित ने बताया कि वीरेंद्र यादव ने अपनी पत्नी अनीता यादव व एक अन्य महिला पूजा देवी के नाम पर उसकी भूमि का बैनामा 7 अगस्त 2015 व 4 अगस्त 2016, एवं 26 अगस्त 2016 को करा लिया।
जब वह जेल से छूटकर आया तो उसे फर्जी मुकदमों में जेल भिजवाने की धमकी दी। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन सत्ता की हनक के चलते उनके खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने एसपी को शिकायती देकर रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
सपा नेता वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरे का कहना है कि इस मामले से उनका और उनके परिवार का कोई लेना देना नहीं है। पिछले दो तीन साल से हमने किसी भी जमीन का बैनामा नहीं कराया है। पुलिस जांच कराए, सच सामने आ जाएगा।