संवाद न्यूज एजेंसी
टड़ियावां। थाना क्षेत्र के कस्बा टड़ियावां में मानकों को दरकिनार कर संचालित रंंजना हॉस्पिटल पर डिप्टी सीएमओ ने शुक्रवार को ताला लगवा दिया। निरीक्षण के दौरान पंजीकृत कोई भी डॉक्टर नहीं मिला। इस पर अस्पताल के जिम्मेदारों को नोटिस दी गई।
शुक्रवार को डिप्टी सीएमओ नोडल अधिकारी डॉ. पंकज मिश्रा ने टड़ियावां कस्बा संचालित हो रहे रंजना हॉस्पिटल में छापेमारी की। इस दौरान अस्पताल में कोई भी चिकित्सक मौके पर नही मिला है, अस्पताल में केवल एक नर्स मौजूद मिली है जबकि कई मरीज पड़ोस की दुकानों में ज़मीन पर लेटे हुए मिले। इस पर डिप्टी सीएमओं ने मरीजाें से पूरी जानकारी ली। कई मरीजों ने इलाज के नाम पर अवैध वसूली करने का भी आरोप लगाया। डिप्टी सीएमओ डॉ पंकज मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में ताला लगाकर अस्पताल के संचालक को नोटिस दी गई है।
इन मरीजों ने लगाया आरोप
थाना क्षेत्र के गांव हबीबपुर निवासी सुनील ने डिप्टी सीएमओं को लिखित शिकायत की है। उसने बताया कि उसकी पत्नी सुजाता देवी को बुखार था, इलाज के लिए वह टड़ियावां कस्बे के रंजना हॉस्पिटल पत्नी को लाया था। अस्पताल में डॉक्टर ने 6 हजार रूपए में पूरा इलाज करने को कहा था जिसके बाद डॉक्टर 56750 रुपए का कच्चा बिल थमा दिया और कहा कि जल्द रुपये जमा करो,तब पीड़ित ने 10 हजार रूपए जैसे तैसे जमा किए।