फोटो- 26- बैंक के बाहर प्रदर्शन करते बैंक कर्मी। स्रोत: स्वयं
हरदोई। केंद्रीय श्रम संगठनों के आह्वान पर बृहस्पतिवार को बैंकों की हड़ताल रहेगी। देश व्यापी हड़ताल के समर्थन में बैंक कर्मियों ने बुधवार को बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। बैंक कर्मियों ने चार श्रम संहिताओं और निजीकरण की नीतियों का विरोध जताया।
यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन की स्थानीय इकाई के सेक्रेटरी राकेश पांडेय के नेतृत्व में जुटे बैंक कर्मियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। सेक्रेटरी ने बताया कि हड़ताल में आल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन, आल इंडिया बैंक ऑफीसर्स एसोसिएशन और बैंक इंप्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के अधिकांश घटक संगठनों ने भी इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है।
महिला संयोजिका प्रिया रस्तोगी ने मजदूर विरोधी श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग की। पीएनबी के अजय मेहरोत्रा ने बैंकों और बीमा क्षेत्रों में विनिवेश व आईडीबीआई बैंक के निजीकरण का विरोध जताया। बैंक ऑफ इंडिया के आनंद वर्मा ने पुरानी पेंशन बहाली पर जोर दिया, कौशलेंद्र शुक्ला ने आउटसोर्सिंग बंद कर युवाओं को स्थायी रोजगार देने की मांग उठाई। इस मौके पर वर्षा मेहरोत्रा, अनिल कुमार, आशुतोष बडोला, संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।