अघोषित बिजली कटौती को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने
मंगलवार को राभा सब स्टेशन पर प्रदर्शन करते हुए सुधार की मांग की। एसडीओ
आदित्य कुमार व जेई हंसराज यादव के आश्वासन पर ग्रामीणों ने शीघ्र सुधार न
होने पर फिर वृहद स्तर पर प्रदर्शन करने की चेतावनी के साथ धरना खत्म किया।
जिला
पंचायत सदस्य शरद कुशवाहा के नेतृत्व मेें राभा विद्युत उपकेंद्र पर
सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुटे। धरना-प्रदर्शन करते हुए पब्लिक ने
क्षेत्र में 17 से 20 घंटे तक की हो रही कटौती पर नाराजगी व्यक्त करते हुए
सुधार कराने की मांग की। साथ ही राभा को पिहानी की लाइन से जोड़ने और
जटपुरा गांव में तार चोरी के बाद ठप आपूर्ति को पुन: चालू कराने की मांग
रखी गई।
इस दौरान वहां पहुंचे एसडीओ आदित्य कुमार व जेई हंसराज ने
ग्रामीणों को बताया कि दो दिन से हो रही अतिरिक्त कटौती इमरजेंसी में की जा
रही है। उन्होंने जल्द ही यह अतिरिक्त कटौती बंद होने का यकीन दिलाते
हुए कहा कि वह तकनीकी दिक्कतों को भी खत्म कराने की बात करेंगे।
साथ ही
क्षेत्र में और आपूर्ति के लिए भी लिखेंगे। जेई ने जटपुरा गांव में बंद
सप्लाई शुरू कराने का नए तार का स्टीमेट भेज शीघ्र ही वहां नई लाइन से
आपूर्ति शुरू कराने की बात कही। अफसरान के आश्वासन पर ग्रामीणों ने इस शर्त
पर प्रदर्शन खत्म कर दिया कि शीघ्र सुधार न होने पर वृहद स्तर पर प्रदर्शन
किया जाएगा।