फोटो-09- कलक्ट्रेट में ज्ञापन देने जाते किसान यूनियन के सदस्य। संवाद
हरदोई। भारतीय किसान संगठन (राष्ट्रीयतावादी) के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलक्ट्रेट में धरनास्थल पर प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार को सौंपा। ज्ञापन में कोरोना काल के दौरान बघौली स्टेशन पर खत्म किए गए ट्रेनों के ठहराव को दोबारा चालू कराने की मांग की।
संगठन के लखनऊ मंडल अध्यक्ष रावेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा कि वर्तमान समय में बालामऊ शाहजहांपुर पैसेंजर ट्रेन के अलावा कोई भी ट्रेन बघौली स्टेशन पर नहीं रुकती है। कोरोना काल से पहले लगभग 12 ट्रेनों का ठहराव यहां था। इन ट्रेनों का ठहराव फिर से शुरू कराने की मांग की गई है। इसके अलावा विक्टोरियागंज माइनर को लखनऊ ब्रांच से सीधा जोड़े जाने की मांग भी ज्ञापन में की गई है।
खाद की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए इसे रुकवाने की मांग भी ज्ञापन में संगठन के कार्यकर्ताओं ने की। बघौली में आधार कार्ड बनवाने और संशोधन कराने के लिए केंद्र खुलवाने की मांग भी की गई। इसके अलावा भी कई मांगे ज्ञापन में की गईं। प्रदर्शन के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष रामलखन पाठक, राम गोपाल, ईश्वर दीन, अमीर हसन आदि मौजूद रहे।