हरदोई। शहर में ई-रिक्शों के बेतरतीब संचालन और इससे लगने वाले जाम को लेकर जिलाधिकारी अनुनय झा ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने पिछले पांच वर्षों में जिले में बिके और पंजीकृत हुए ई-रिक्शों का पूरा ब्योरा तैयार करने व हाईवे पर इनके रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ई-रिक्शों के बेढंग खड़े होने से जाम लगता है। ई-रिक्शा स्टैंड के स्थान चिह्नित कर पालन न करने पर कार्रवाई की जाए। डीएम ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और इसको लेकर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में हिट एंड रन मामलों की भी समीक्षा हुई। बैठक में सीडीओ नेहा व्याडवाल समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
-
जताई नाराजगी
बैठक में सीएमओ और जिला खनन अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने नाराजगी जताई और दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
अवैध ढाबों पर कार्रवाई नही, एनएचएआई अधिकारी को नोटिस
अवैध ढाबों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न होने पर डीएम ने परियोजना निदेशक, एनएचएआई लखनऊ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक में अवैध ढाबों के खिलाफ की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट पेश करनी होगी।