- गत 23 मई को मिश्राना व भाटनटोला के दो पक्षों में हुआ था विवाद
- विवाद में घायलों के इलाज को घायलों के साथ सीएचसी पहुंची भीड़ ने किया था हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
पिहानी। गत 23 मई को कस्बे में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद सीएचसी में दो पक्षों के लोगों की ओर से हंगामा किए जाने की घटना को लेकर स्टाफ में गहरी नाराजगी है। गुरुवार को इसे लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ व एएनएम संघ ने मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेज कर हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करवाए जाने की मांग की है।
गत 23 मई को कस्बे के मोहल्ला मिश्राना व भाटनटोला में आवारा गोवंश पकड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और गालीगलौज हो गई थी। झगड़े में घायल हुए दोनों पक्ष के लोग मेडिकल के लिए कोतवाली से सीएचसी भेेजे गए थे। संघ की ओर से सीएमओ को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि उपचार के लिए आए दोनों पक्षों के घायलों के साथ काफी भीड़ अस्पताल में घुस आई। ड्यूटी पर मौजूद डा. जुबैर अहमद, फार्मासिस्ट श्रवण कुमार एवं स्टाफ नर्स सुमन श्रीवास्तव व अन्य स्टाफ ने घायलों का त्वरित उपचार शुरू कर दिया। इसके बावजूद भीड़ में मौजूद चार- पांच व्यक्तियों ने उत्तेजित होकर ड्यूटी पर तैनात स्टाफ के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। इनमें एक को लोग पिंटू के नाम से बुला रहे थे। यह युवक स्टाफ के साथ ज्यादा अभद्रता कर रहा था। ज्यादातर लोग नशे में थे जो घायलों की चोटों को बढ़ा चढ़ा कर लिखने का दबाव बनाने लगे। इन लोगों ने सीएचसी स्टाफ के साथ हाथापाई का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी भी दी। कर्मचारियों ने सीएमओ से मांग की है कि पिंटू व अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।